NEXT 20 सितम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। दयानन्द विद्या निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय में रविवार को 70वीं जिला स्तरीय 17 एवं 19 वर्षीय बालक-बालिका मलखंभ प्रतियोगिता का उद्घाटन हुआ। प्रतियोगिता में बीकानेर जिले की विभिन्न तहसीलों से चयनित टीमें पहुंची हैं। उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों ने मलखंभ के शानदार करतब प्रस्तुत कर दर्शकों की तालियां बटोरीं।

समारोह के मुख्य अतिथि नरेला गुरुकुल के सोमवीर शास्त्री रहे। अध्यक्षता जीवनसार वैलनेस, श्रीडूंगरगढ़ के डॉ. अवधेश स्वामी ने की। विशिष्ट अतिथि ब्राह्मण अंतरराष्ट्रीय संगठन के जिला अध्यक्ष वरुण शर्मा रहे। विद्यालय संस्थापक सुभाष शास्त्री ने अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों का स्वागत किया।
खिलाड़ियों के प्रदर्शन से प्रभावित होकर अतिथियों, अभिभावकों और खेलप्रेमियों ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में जेठमल चुरा, बलवान, प्रदीप, भंवर, अजय, रामस्वरूप, राकेश सहित अनेक नागरिक एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।
प्रधानाचार्य विनोद बेनीवाल ने प्रतियोगिता में पहुंचे अतिथियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं सहयोगियों का आभार जताया। आयोजकों ने खेलप्रेमियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों से प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की।
चार दिन चलेगी प्रतियोगिता: जिला स्तरीय मलखंभ प्रतियोगिता 20 से 23 सितंबर तक विद्यालय परिसर में आयोजित होगी। इसमें 17 एवं 19 वर्षीय बालक-बालिका वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
























