NEXT 26 जनवरी, 2025। भारत के गणतंत्र दिवस के अवसर पर हरियाणा की बेटी शिवांगी पाठक ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए ऑस्ट्रेलिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट कोजिस्को पर तिरंगा फहराया। यह चोटी दुनिया के सात महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों में से एक है। भारतीय समय के अनुसार सुबह 7:00 बजे शिवांगी ने यह गौरवशाली कार्य किया, जिससे पूरे देश का नाम रोशन हुआ।

शिवांगी ने अब तक सात महाद्वीपों की चार चोटियों पर विजय प्राप्त कर ली है। उनका अगला लक्ष्य इंडोनेशिया की सबसे ऊंची चोटी कार्स्टेन्स पिरामिड पर तिरंगा फहराना है। शिवांगी ने 16 साल की उम्र में माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराकर इतिहास रच दिया था, जिसके लिए उन्हें प्रधानमंत्री बाल शक्ति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
शिवांगी अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने गुरुजनों, परिवार और समर्थकों को देती हैं। इस अवसर पर उन्होंने वैदिक ग्लोबल और ऑस्ट्रेलिया की ब्राह्मण सभा का विशेष रूप से धन्यवाद किया। उनकी इस सफलता पर पूरा देश गर्व महसूस कर रहा है और वह युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं।