NEXT 6 अक्टूबर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। बीकानेर जिले में पंचायत समिति एवं जिला परिषद चुनावों को लेकर भाजपा ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जयपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पर मंगलवार को हुई बैठक में पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य, प्रधान एवं जिला प्रमुख पदों के चुनाव को लेकर रणनीति पर मंथन किया गया। बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और जिले के जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों के राजनीतिक समीकरण एवं संगठन की तैयारियों की जानकारी साझा की।

बैठक में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, भाजपा बीकानेर देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया, खाजूवाला विधायक विश्वनाथ मेघवाल, श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत, कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी तथा नोखा से भाजपा प्रत्याशी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारीलाल विश्नोई मौजूद रहे।
बैठक में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं में बेहतर समन्वय बनाने और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों से चुनावी तैयारियों में पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया।
श्रीडूंगरगढ़ की बिजली व्यवस्था पर सारस्वत ने रखा पक्ष
बैठक में श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत ने क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था से जुड़े मुद्दे मुख्यमंत्री के समक्ष रखे। उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति की आवश्यकता बताते हुए विद्युत व्यवस्था को और मजबूत करने की बात कही। किसानों और आमजन को बिजली से जुड़ी समस्याओं का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने श्रीडूंगरगढ़ सहित नोखा क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
खाजूवाला में सिंचाई पानी और कोलायत लिफ्ट परियोजना पर भी चर्चा
बैठक में खाजूवाला क्षेत्र की सिंचाई जल समस्या का मुद्दा भी उठा। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर बात कर आवश्यक निर्देश दिए। वहीं कोलायत लिफ्ट परियोजना के सुचारू संचालन को लेकर भी विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ और केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने भी चुनावी तैयारियों एवं संगठनात्मक समन्वय को लेकर सुझाव दिए। भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने जिले में संगठन की गतिविधियों और चुनावी तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं।


















