NEXT 30 जनवरी, 2025। क्षेत्र के गांव उदरासर की गौचर भूमि के पास दो हिरणों पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया, लेकिन समय रहते गांव के जागरूक युवाओं ने दोनों हिरणों को बचा लिया।

घटना की जानकारी मिलते ही गुटराज गोदारा, जगदीश सांसी, उम्मेद धेडू, मुनिराम धतरवाल और पन्नालाल मेघवाल ने वन्य जीव प्रेमी एवं सामाजिक कार्यकर्ता दुलदास स्वामी को सूचना दी। स्वामी ने तत्काल वन विभाग को जानकारी दी, लेकिन हालात की गंभीरता को देखते हुए युवाओं ने निजी वाहन का इंतजाम कर हिरणों को श्रीडूंगरगढ़ रवाना किया।
दुलदास ने बताया कि उदरासर की गौचर भूमि में आवारा कुत्तों का जमघट लगा रहता है, जिससे वन्य जीवों पर खतरा मंडराता रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस समस्या का स्थायी समाधान निकालना चाहिए, ताकि वन्य जीवों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।