NEXT 28 जून, 2026 श्रीडूंगरगढ़। विश्व प्रसिद्ध तोलियासर काल भैरव मंदिर में रविवार और शुक्ल पक्ष चतुर्दशी का विशेष संयोग होने से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे के साथ ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंचे और धोक लगाकर सुख-समृद्धि व मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की।

मंदिर के पुजारी अशोक कुमार ने बताया कि रविवार अलसुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया था। पूरे दिन दर्शन का सिलसिला चलता रहा। श्रद्धालुओं ने बाबा को पेड़ा, लड्डू, जलेबी, मखाना और पताशा का भोग अर्पित किया। वहीं परंपरा के अनुसार तेल और सिंदूर से बाबा का अभिषेक भी किया। भक्तों द्वारा बाबा भैरव को सवामणी का भोग भी लगाया गया।
मंदिर परिसर में दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए समुचित व्यवस्थाएं की गई थीं। श्रद्धालुओं ने सुव्यवस्थित ढंग से दर्शन कर पूजा-अर्चना की। दिनभर मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा और बाबा के जयकारों से पूरा परिसर गूंजता रहा।






















