मालू भवन में हुआ दीक्षार्थी का मंगल भावना कार्यक्रम, साध्वियों ने गीतिका से व्यक्त किए आध्यात्मिक भाव
NEXT 21 नवम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। संयम और वैराग्य के मार्ग पर अग्रसर मुमुक्षु जहान बेताला के सम्मान में शनिवार को मालू भवन स्थित साध्वी सेवा केंद्र में मंगल भावना कार्यक्रम आयोजित किया गया। साध्वी सेवा केंद्र व्यवस्थापिका साध्वी लक्ष्यप्रभा के सान्निध्य में आयोजित कार्यक्रम में समाज के लोगों ने मुमुक्षु के संयम जीवन की मंगलमय यात्रा के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

कार्यक्रम में परिजन प्रवीण बेताला ने जहान बेताला का जीवन परिचय देते हुए उनके संयम मार्ग की ओर अग्रसर होने की यात्रा साझा की। मुमुक्षु जहान बेताला ने आत्मकल्याण के भाव व्यक्त करते हुए सभी से खमत-खामणा किया। कार्यक्रम की शुरुआत कांता बरडिया के मंगलाचरण से हुई।
इस दौरान तेरापंथी सभा के मंत्री प्रदीप पुगलिया, महिला मंडल से मोनिका मालू और युवक परिषद के सहमंत्री सुमित बरडिया ने विचार व्यक्त किए। साध्वी लक्ष्यप्रभा, साध्वी ललितरेखा और साध्वी कृष्णाकुमारी ने उद्बोधन दिया। वहीं साध्वी नव्यप्रभा, साध्वी उन्नतप्रभा और साध्वी प्राज्ञप्रभा ने सामूहिक गीतिका के माध्यम से मुमुक्षु के प्रति आध्यात्मिक मंगलकामनाएं प्रकट कीं।
कार्यक्रम में संघीय संस्थाओं के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे। सभा एवं महिला मंडल की ओर से मुमुक्षु जहान बेताला का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का संचालन महिला मंडल की मोनिका मालू ने किया।




















