लखासर में राजस्व विभाग ने आपसी सहमति से कराई विभाजन की कार्रवाई, ग्रामीणों ने कहा- अब नहीं रहेगा किसी तरह का विवाद
NEXT 10 जुलाई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। ग्राम पंचायत लखासर में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर ने शुक्रवार को वर्षों पुराने भूमि विवाद का सुखद अंत कर दिया। राजस्व विभाग की पहल पर पांच काश्तकारों के बीच आपसी सहमति से मौके पर ही भूमि का विभाजन कराया गया। पारदर्शी प्रक्रिया और सभी पक्षों की सहमति से हुई इस कार्रवाई से लंबे समय से चला आ रहा विवाद समाप्त हो गया।

शिविर में एसडीएम शुभम शर्मा की मौजूदगी में चंदकोरी, नारायणराम, भागीरथ, मुनीराम और मामराज के बीच राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में निष्पक्ष तरीके से विभाजन की प्रक्रिया पूरी कराई गई। मौके पर ही सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने से वर्षों से लंबित प्रकरण का निस्तारण हो गया।
विभाजन के बाद लाभार्थियों ने प्रशासन की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि अब भविष्य में किसी प्रकार के विवाद की आशंका नहीं रहेगी। इस पहल से न केवल आपसी मतभेद खत्म हुए हैं, बल्कि गांव में भाईचारा और सौहार्द भी मजबूत होगा।
ग्रामीण सेवा शिविर में राजस्व प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के साथ ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। शिविर में आपसी सहमति से विवादों का समाधान और पारदर्शी कार्यप्रणाली प्रमुख आकर्षण रही।
एसडीएम शर्मा ने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों का समयबद्ध निस्तारण, सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा ग्राम पंचायतों को विवादमुक्त और सशक्त बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।




















