NEXT 8 जुलाई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। क्षेत्र के ग्राम पंचायत दुलचासर में बुधवार को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 तीन परिवारों के लिए राहत लेकर आया। वर्षों से लंबित खाता विभाजन के प्रकरण का मौके पर ही निस्तारण होने से तीनों भाइयों को अपनी भूमि का अलग-अलग अधिकार मिल गया।

एसडीएम शुभम शर्मा ने बताया कि शिविर के दौरान तोलाराम, नत्थूराम और मालचंद के खाता विभाजन के प्रकरणों का मौके पर ही समाधान किया गया। लंबे समय से लंबित इस मामले के निस्तारण से तीनों लाभार्थियों के भूमि अधिकार स्पष्ट हो गए हैं। साथ ही भविष्य में पारिवारिक और राजस्व संबंधी विवादों की आशंका भी समाप्त हो गई।
लाभार्थियों ने बताया कि पहले खाता विभाजन के लिए उन्हें कई बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन ग्रामीण सेवा शिविर में एक ही स्थान पर उनकी समस्या का समाधान हो गया। इससे समय, धन और श्रम की बचत हुई है। अब सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और राजस्व संबंधी कार्य कराने में भी आसानी होगी।
तोलाराम, नत्थूराम और मालचंद ने राज्य सरकार तथा जिला प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर के माध्यम से उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनहितकारी पहल और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से उन्हें बड़ी राहत मिली।



















