NEXT 24 जुलाई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के जोधपुर प्रांत की ओर से चलाए जा रहे विशेष सदस्यता अभियान ‘धरती धोरां री’ के तहत श्रीडूंगरगढ़ में विद्यार्थियों का उत्साह देखने को मिल रहा है। अभियान के अंतर्गत गुरुवार को नगर के विभिन्न विद्यालयों में 500 से अधिक विद्यार्थियों ने अभाविप की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। सदस्यता अभियान 30 जुलाई तक जारी रहेगा।

अभियान के तहत 9वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों तक पहुंचकर उन्हें परिषद की कार्यप्रणाली, छात्र हितों से जुड़े अभियानों और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका की जानकारी दी जा रही है। विद्यालयों में आयोजित सदस्यता कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
जिला संयोजक करण कुमार जड़ीवाल और नगर मंत्री राघव लखोटिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अभाविप के गौरवशाली इतिहास, उद्देश्य और छात्र शक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि परिषद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक दायित्व की भावना को मजबूत करने का कार्य करती है।
परिषद पदाधिकारियों ने बताया कि ‘धरती धोरां री’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक विद्यालय तक पहुंचकर अधिक से अधिक विद्यार्थियों को संगठन से जोड़ना और उनमें राष्ट्र सेवा का भाव विकसित करना है। अभियान को मिल रहे सकारात्मक प्रतिसाद के चलते आगामी दिनों में सदस्य संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है।





















