NEXT 5 मई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के गांव आडसर पुरोहितान निवासी 42 वर्षीय हड़मान नायक ने चार दिनों तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद सोमवार दोपहर 3:15 बजे पीबीएम अस्पताल में अंतिम सांस ली। गंभीर रूप से घायल हड़मान का बीकानेर में इलाज चल रहा था। मौत की खबर मिलते ही परिजन और समाज के लोग पीबीएम की मोर्चरी के बाहर एकत्र होने लगे।
हड़मान की मौत के बाद नायक समाज के युवाओं में भारी आक्रोश है। समाज के लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
क्या था मामला
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, आडसर पुरोहितान निवासी जगदीश पुत्र मालाराम नायक ने बताया कि उसका बड़ा भाई हड़मान 30 अप्रैल की सुबह करीब 8 बजे बस नंबर RJ14 PD 9154 से अपनी पुत्री के ससुराल गुसाईंसर बड़ा जा रहा था। इसी दौरान बस में सवार धीरदेसर पुरोहितान के चार लोगों सुभाष पुत्र रामेश्वर मेघवाल, नेतराम पुत्र जालूराम मेघवाल, सहीराम पुत्र रेवंतराम मेघवाल और किसनाराम पुत्र रूपाराम मेघवाल ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया।
रिपोर्ट में बताया गया है कि आरोपियों ने पहले बस के अंदर ही मुक्कों और लातों से बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि नेतराम ने हड़मान के संवेदनशील अंग पर जोरदार लात मारी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद उसे पकड़कर सीट से दे मारा गया, जिससे उसके सिर में गहरी चोट आई।
चलती बस से फेंका, कुचलने की धमकी
परिजनों के अनुसार, आरोपियों ने हड़मान को बस के गेट तक घसीटा और चलती बस से नीचे फेंक दिया। इतना ही नहीं, उसे बस के नीचे कुचलने की धमकी भी दी गई। घटना के दौरान बस में मौजूद एक अन्य यात्री नोपाराम को भी धमकाया गया, जिससे वह डर गया और तुरंत सूचना नहीं दे सका।
घटना के बाद घायल हड़मान को पहले श्रीडूंगरगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
श्रीडूंगरगढ़ थाने में पीड़ित के भाई की रिपोर्ट पर चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच उपनिरीक्षक पवन कुमार शर्मा को सौंपी गई थी। अब हड़मान की मौत के बाद मामला और गंभीर हो गया है, जिसमें आरोपियों पर हत्या की धाराएं जोड़ी जा सकती हैं।




















