केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव व अर्जुनराम मेघवाल ने किया योगाभ्यास; गांवों से शहर तक गूंजा स्वस्थ जीवन के लिए योग का संदेश
NEXT 21 जून, 2026 श्रीडूंगरगढ़। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार को पूरे बीकानेर जिले में योग के प्रति उत्साह देखने को मिला। जिला स्तरीय मुख्य समारोह बीकानेर के डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित हुआ, वहीं श्रीडूंगरगढ़ सहित ग्रामीण अंचलों में भी सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया गया। जिला स्तरीय आयोजन में 6 हजार 402 लोगों ने भागीदारी निभाई।

डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में केंद्रीय रेल एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने सामूहिक योगाभ्यास किया। इस अवसर पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा, श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचन्द सारस्वत, बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास, कोलायत विधायक अंशुमान सिंह, जिला प्रभारी सचिव हेमंत कुमार गेरा, आईजी ओमप्रकाश, जिला कलक्टर निशांत जैन, एसपी मृदुल कच्छावा, रेलवे डीआरएम गौरव गोविल, आयुर्वेद विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ. राधेश्याम, सहायक निदेशक डॉ. जितेंद्र सिंह भाटी समेत अन्य विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

केंद्रीय मंत्रियों ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य मजबूत होता है तथा व्यक्ति तनावमुक्त और स्वस्थ जीवन जी सकता है। केंद्रीय रेल एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उपस्थित जनसमूह को योग संकल्प भी दिलाया।
कार्यक्रम के दौरान योग दिवस की थीम के अनुरूप सामूहिक योगाभ्यास, प्राणायाम एवं ध्यान सत्र आयोजित किए गए। आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक एवं योग कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. पवन पारीक ने बताया कि जिला स्तरीय आयोजन में कुल 6 हजार 402 लोगों ने हिस्सा लिया।
श्रीडूंगरगढ़ में ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम में उमड़ा उत्साह
श्रीडूंगरगढ़ में ब्लॉक स्तरीय मुख्य कार्यक्रम श्रीमती मालीदेवी कोडामल बाहेती आदर्श विद्या मंदिर के खेल मैदान में आयोजित किया गया। आयुर्वेद विभाग के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक किशन ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम करवाते हुए उनके लाभ और सावधानियों की जानकारी दी।

उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा ने नियमित योग करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि योग से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह होता है, जिससे जीवन शांति और संतोष की ओर बढ़ता है। उपजिला चिकित्सालय के प्रभारी डॉ. ओमप्रकाश स्वामी ने योग के प्रति जागरूकता को समय की सबसे बड़ी जरूरत बताते हुए कहा कि हार्ट पेशेंट और श्वसन रोगों से पीड़ित रोगियों के लिए योग और प्राणायाम वरदान साबित हो रहे हैं।
आयुर्वेद विभाग के नोडल प्रभारी जगदीश पचार ने योग दिवस की थीम की जानकारी देते हुए बताया कि “स्वस्थ जीवन के लिए योग” लोगों को बेहतर स्वास्थ्य और स्वस्थ आयु की ओर प्रेरित करता है।
कार्यक्रम का शुभारंभ एसडीएम शुभम शर्मा, बार संघ अध्यक्ष एडवोकेट ललित कुमार मारू, भाजपा शहर अध्यक्ष एडवोकेट राधेश्याम दर्जी, पूर्व पालिकाध्यक्ष रामेश्वर पारीक, तहसीलदार श्रीवर्द्धन शर्मा सहित अतिथियों द्वारा भारत माता के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
महिला शक्ति ने योग दिवस पर रंगोली सजाकर जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव सोनी, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सरोज पूनियां वीर, डॉ. राकेश चौधरी, रमाकांत शर्मा सहित विभिन्न विभागों के कार्मिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भाजपा के हेमनाथ जाखड़, भवानी प्रकाश तावणियां, रतनसिंह केऊ, भरत सुथार, आईदान पारीक, मूलचंद पालीवाल, भवानी तावणियां, हरिराम सारण, राज सर, जगदीश गुर्जर सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया।
विद्यालयों और महाविद्यालयों में भी हुआ योगाभ्यास
पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, ताल मैदान श्रीडूंगरगढ़ में प्राचार्य नाजिमा अजीज के नेतृत्व में अध्यापकों और कार्मिकों ने योगाभ्यास किया। महावीर प्रसाद जाट ने बताया कि प्राचार्य नाजिमा अजीज ने कहा कि योग से व्यक्ति का सर्वांगीण विकास होता है और व्यक्तित्व निखरता है।

राजकीय महाविद्यालय श्रीडूंगरगढ़ एवं मोमासर में भी योग दिवस का आयोजन किया गया। अमित तंवर ने बताया कि प्राचार्य ने अपने संबोधन में योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य देन बताते हुए सभी को इसे अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।

जिलेभर में आयोजित योग दिवस कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वस्थ जीवन के लिए योग अपनाने का संकल्प लिया।



















