NEXT 22 जुलाई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। बीकानेर के टेक स्टार्टअप ‘ईको भारत’ ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए राजस्थान का गौरव बढ़ाया है। iStart राजस्थान और स्टार्टअप इंडिया में पंजीकृत इस स्टार्टअप का चयन आर्मेनिया में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित सीसाइड स्टार्टअप समिट-2026 के लिए हुआ है। खास बात यह है कि पूरे देश से चुने गए टॉप-10 स्टार्टअप्स में ‘ईको भारत’ ने अपनी जगह बनाई है। समिट 26 जुलाई से 1 अगस्त तक आर्मेनिया की राजधानी येरेवान में आयोजित होगा।
स्टार्टअप के फाउंडर एवं सीईओ संपत सारस्वत बामनवाली 24 जुलाई को आर्मेनिया के लिए रवाना होंगे। वे समिट में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए रोड सेफ्टी, महिला सुरक्षा, बाल सुरक्षा और स्मार्ट मोबिलिटी से जुड़े नवाचारों की प्रस्तुति देंगे। इस मंच पर दुनिया भर के निवेशक, टेक्नोलॉजी विशेषज्ञ और स्टार्टअप इकोसिस्टम से जुड़े प्रतिनिधि शामिल होंगे।
ईको भारत इससे पहले भी अपनी तकनीक और नवाचार के लिए पहचान बना चुका है। राजस्थान सरकार के इनोवेशन डे कार्यक्रम में राजस्थान के मुख्यमंत्री ने इसे बेस्ट इनोवेटिव टेक-ड्रिवन स्टार्टअप के सम्मान से नवाजा था। अब यह स्टार्टअप वैश्विक मंच पर अपनी तकनीक और सामाजिक सरोकारों को प्रस्तुत करेगा।
फाउंडर संपत सारस्वत बामनवाली ने कहा कि भारत के टॉप-10 स्टार्टअप्स में शामिल होना पूरी टीम के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि टीम की मेहनत और iStart राजस्थान व स्टार्टअप इंडिया के सहयोग का परिणाम है। समिट से मिलने वाले अनुभव और वैश्विक नेटवर्किंग का लाभ भविष्य में देश में सुरक्षा और स्मार्ट मोबिलिटी के क्षेत्र में नए नवाचारों को गति देगा।
ईको भारत एडवांस्ड टेक्नोलॉजी आधारित ईको टैग और स्मार्ट मोबिलिटी टूल्स के जरिए सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा बढ़ाने तथा सुरक्षित समाज के निर्माण की दिशा में कार्य कर रहा है। स्टार्टअप की इस उपलब्धि पर प्रशासनिक अधिकारियों, स्टार्टअप जगत और शुभचिंतकों ने टीम को बधाई दी है।




















