विधवा महिला ने कोर्ट में परिवाद पेश कर कार्रवाई की मांग की
NEXT 12 जून, 2026 श्रीडूंगरगढ़। तहसील क्षेत्र के लिखमादेसर गांव की एक विधवा महिला ने अपने खेत की ढाणी से करीब चार साल पहले हुए लाखों रुपए के सोने-चांदी के गहनों और नकदी की चोरी के मामले में पूर्व काश्तकार के खिलाफ न्यायालय में परिवाद पेश किया है। महिला का आरोप है कि आरोपी ने फोन पर चोरी करना स्वीकार किया तथा चोरी के गहनों पर गोल्ड लोन लेने की बात भी कबूली।
परिवाद के अनुसार लिखमादेसर निवासी कमला देवी पत्नी भगवान नाथ सिद्ध ने अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, श्रीडूंगरगढ़ के समक्ष दायर परिवाद में बताया कि उसके खेत में ट्यूबवेल और ढाणी बनी हुई है, जहां वह परिवार के साथ रहती थी। आरोप है कि करीब चार वर्ष पहले खेत की काश्त करने वाले पपूराम मेघवाल ने रात के समय ढाणी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और 21,500 रुपए नकद चोरी कर लिए।
पति, भाई और पुत्री की मौत के कारण नहीं कर सकी कानूनी कार्रवाई
परिवाद में बताया गया है कि चोरी की घटना के समय महिला के पति, भाई और एक पुत्री की मृत्यु हो चुकी थी। सामाजिक रस्मों और पारिवारिक परिस्थितियों के कारण वह तत्काल कानूनी कार्रवाई नहीं कर सकी। इस दौरान गांव स्तर पर गहनों की तलाश और पूछताछ चलती रही।
फोन पर चोरी कबूलने का दावा
महिला का आरोप है कि खेत छोड़ने के बाद आरोपी की आर्थिक स्थिति अचानक बेहतर हो गई, जिससे उस पर संदेह बढ़ा। जनवरी 2026 में परिवार के लोगों ने आरोपी से पूछताछ की तो उसने फोन पर चोरी करना स्वीकार कर लिया। परिवाद में दावा किया गया है कि इस बातचीत की रिकॉर्डिंग उसके पास मौजूद है।
गोल्ड लोन लेने की बात भी कही
परिवाद के अनुसार आरोपी ने कथित रूप से स्वीकार किया कि चोरी किए गए गहनों पर उसने अपनी पत्नी के नाम से एक्सिस बैंक में गोल्ड लोन लिया था। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने गोल्ड लोन की किस्त जमा करने की रसीद भी भेजी और पहले गहने छुड़ाने तथा बाद में राशि लौटाने का प्रस्ताव दिया था।
कोर्ट से एफआईआर दर्ज कराने की मांग
परिवाद में महिला ने न्यायालय से अनुरोध किया है कि मामले को पुलिस को जांच के लिए भेजा जाए तथा आरोपी के खिलाफ चोरी और रात्रि में गृहभेदन संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।




















