दिनभर धरने के बाद प्रशासन से तीसरे दौर की वार्ता सफल; फोरलेन सड़क के लिए दोबारा सर्वे और ट्रोमा निर्माण पर सकारात्मक रिपोर्ट भेजने का भरोसा
NEXT 6 अगस्त, 2026 श्रीडूंगरगढ़। ट्रोमा सेंटर का निर्माण शुरू कराने और श्रीडूंगरगढ़-बीकानेर हाईवे को फोरलेन बनाने की मांग को लेकर बुधवार को नगर पालिका के परिपार्श्व में हुए धरना-प्रदर्शन के बाद प्रशासन और आंदोलनकारियों के बीच तीसरे दौर की वार्ता सफल रही। वार्ता में ट्रोमा सेंटर की वैकल्पिक व्यवस्था, अस्पताल में सुविधाएं बढ़ाने और फोरलेन सड़क की प्रक्रिया आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।

समझौते के अनुसार उपजिला अस्पताल में एक कमरा इमरजेंसी के लिए आरक्षित किया जाएगा, जहां जीवनरक्षक उपकरण लगाए जाएंगे। पांच दिन के भीतर वेंटिलेटर उपलब्ध कराने, खराब सोनोग्राफी मशीन को एक-दो दिन में ठीक कराने तथा सर्जन, ऑर्थोपेडिक और फिजिशियन को 24 घंटे ऑन-कॉल रखने का निर्णय लिया गया। साथ ही ट्रोमा सेंटर निर्माण के लिए जिला प्रशासन को शीघ्र सकारात्मक रिपोर्ट भेजने और श्रीडूंगरगढ़-बीकानेर मार्ग का दोबारा सर्वे कर फोरलेन का प्रस्ताव तैयार करने पर भी सहमति बनी।
वार्ता में प्रशासन की ओर से उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा, कार्यवाहक सीएमएचओ, सीओ निकेत पारीक, एनएचएआई अधिकारी, तहसीलदार श्रीवर्द्धन शर्मा और सीआई कश्यप सिंह राघव मौजूद रहे। आंदोलनकारियों का प्रतिनिधित्व हरिराम बाना, जतनसिंह राजपुरोहित, भगवान नाथ सिद्ध, श्याम सुंदर आर्य, विमल भाटी, विवेक माचरा, नीरू चौधरी और सोहनलाल महिया सहित अन्य ने किया।
वार्ता के बाद एसडीएम शुभम शर्मा ने मंच पर पहुंचकर लिए गए निर्णयों की जानकारी दी। वहीं सीओ निकेत पारीक ने लोगों से सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए नशे में वाहन नहीं चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। समझौते के बाद प्रदर्शनकारियों ने एकता के नारे लगाए।
इससे पहले दिनभर चले धरने में मंच से ट्रोमा सेंटर निर्माण के लिए जनसंकल्प लेने का आह्वान किया गया। आपणों गांव श्रीडूंगरगढ़ सेवा समिति के अध्यक्ष जतनसिंह राजपुरोहित ने कहा कि ट्रोमा सेंटर के अभाव में सड़क हादसों के घायलों को समय पर उपचार नहीं मिल पाता और कई लोगों की जान चली जाती है। उन्होंने उपजिला अस्पताल में सोनोग्राफी मशीन जैसी बुनियादी सुविधा तक उपलब्ध नहीं होने पर भी सवाल उठाए।
ट्रोमा सेंटर निर्माण के भामाशाह पवन चांडक ने कहा कि जयपुर स्तर से स्वीकृति मिलने के बावजूद बीकानेर स्तर पर निर्माण कार्य रोका जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन एमओयू पर हस्ताक्षर कर दे तो 24 घंटे में निर्माण कार्य शुरू कराया जा सकता है।
धरने में किसान नेता तोलाराम जाखड़, नारायण पारीक, संतोष गोदारा, अशोक शर्मा, मुखराम गोदारा, सुनील मलिक, एपीजे अब्दुल कलाम वेलफेयर सोसायटी के सेवादार आमिर खान सहित अनेक सरपंच, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।






















