NEXT 21 जून, 2026 श्रीडूंगरगढ़। ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के तहत सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने गुरुवार को क्षेत्र के विभिन्न राजकीय विद्यालयों के भवनों का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण में कई भवनों की छतों में दरारें, प्लास्टर उखड़ने सहित अन्य संरचनात्मक कमियां सामने आईं। विभाग ने मरम्मत योग्य एवं जर्जर भवनों को चिह्नित कर उनकी विस्तृत रिपोर्ट शिक्षा विभाग को सौंप दी है।

अधीक्षण अभियंता विमल गहलोत ने बताया कि सहायक अभियंता कार्यालय की तकनीकी टीम ने राजकीय प्राथमिक माध्यमिक विद्यालय सूरजनसर, राजकीय प्राथमिक विद्यालय उदासर चारणान, राजकीय विद्यालय लाखनसर, रावलिया लाखनसर, धीरदेसर पुरोहितान तथा संस्कृत विद्यालय धीरदेसर पुरोहितान का निरीक्षण किया।
विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सर्वे रिपोर्ट तैयार कर मौके पर ही शिक्षा विभाग के अधिकारियों को उपलब्ध करवाई गई, ताकि आवश्यक मरम्मत कार्य जल्द शुरू किए जा सकें। निरीक्षण के दौरान भवनों का फोटोग्राफिक दस्तावेजीकरण भी किया गया तथा जीपीएस लोकेशन सहित विस्तृत तकनीकी रिपोर्ट तैयार की गई।
गहलोत ने कहा कि चिह्नित भवनों की मरम्मत राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।




















