NEXT 3 सितम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत नाम निर्देशन पत्रों की वापसी के बाद बीकानेर नगर निगम और जिले की छह नगरपालिकाओं में चुनावी तस्वीर साफ हो गई है। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका में 168 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं।
श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका में निर्धारित अवधि तक 234 नाम निर्देशन पत्र प्राप्त हुए थे, जिनमें 212 अभ्यर्थी शामिल थे। संवीक्षा के दौरान 49 नाम निर्देशन पत्र खारिज किए गए। इसके बाद 185 नाम निर्देशन पत्र वैध पाए गए, जिनमें 183 अभ्यर्थी शामिल थे। नाम वापसी के दौरान 15 अभ्यर्थियों ने नाम वापस ले लिया, जिसके बाद अब 168 प्रत्याशी विभिन्न वार्डों से चुनाव मैदान में अपना भाग्य आजमाएंगे। यहां कोई भी प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित नहीं हुआ है।
बीकानेर नगर निगम में सबसे ज्यादा 373 प्रत्याशी मैदान में
बीकानेर नगर निगम में कुल 607 नाम निर्देशन पत्र प्राप्त हुए थे। इनमें 127 नाम निर्देशन पत्र खारिज होने के बाद 480 नाम निर्देशन पत्र वैध पाए गए। नाम वापसी के दौरान 74 अभ्यर्थियों ने नाम वापस ले लिया। एक प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुआ है। अब नगर निगम चुनाव में 373 प्रत्याशी मैदान में हैं।
जिले की नगरपालिकाओं में यह है स्थिति
- नोखा नगरपालिका: 141 प्रत्याशी मैदान में, 45 ने नाम वापस लिए।
- श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका: 168 प्रत्याशी मैदान में, 15 ने नाम वापस लिए।
- देशनोक नगरपालिका: 61 प्रत्याशी मैदान में, 22 ने नाम वापस लिए।
- नापासर नगरपालिका: 101 प्रत्याशी मैदान में, 16 ने नाम वापस लिए और 2 प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए।
- लूणकरणसर नगरपालिका: 102 प्रत्याशी मैदान में, 16 ने नाम वापस लिए।
- खाजूवाला नगरपालिका: 61 प्रत्याशी मैदान में, 15 ने नाम वापस लिए।
नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही अब सभी निकायों में चुनावी मुकाबलों की स्थिति स्पष्ट हो गई है। राजनीतिक दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों ने अब प्रचार अभियान को तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है।
































