विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड की बैठक; पर्यावरण दिवस पर किया पौधारोपण
NEXT 5 जून, 2026 श्रीडूंगरगढ़। श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड की तृतीय गवर्निंग बोर्ड बैठक शुक्रवार को जयपुर स्थित बोर्ड कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता बोर्ड अध्यक्ष रामगोपाल सुथार ने की। उन्होंने कहा कि बोर्ड का उद्देश्य कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और युवाओं के लिए बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

बैठक में आयुक्त एवं प्रबंध निदेशक, कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता विभाग ऋषभ मंडल ने बोर्ड की विभिन्न योजनाओं और गतिविधियों की प्रगति की जानकारी दी। इस दौरान युवाओं को अधिक रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण देने, पारंपरिक कौशल को आधुनिक तकनीक से जोड़ने तथा स्वरोजगार के नए अवसर विकसित करने पर चर्चा हुई।
बैठक में कौशल विकास, रोजगार सृजन, स्वरोजगार प्रोत्साहन और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा कर आगामी कार्ययोजनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव संदीप वर्मा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक के बाद विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बोर्ड कार्यालय परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बोर्ड अध्यक्ष रामगोपाल सुथार और अधिकारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सुथार ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए जरूरी संकल्प है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।





















