NEXT 14 जून, 2026 श्रीडूंगरगढ़। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा सोमवार को पंचायत समिति परिसर में आयोजित लाभार्थी सम्मेलन और जनसुनवाई कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान वे राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के लाभार्थियों से संवाद करेंगे तथा आमजन की समस्याएं सुनेंगे।
मंत्री गोदारा ने बताया कि लाभार्थी सम्मेलन दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक आयोजित होगा। इसके बाद जनसुनवाई कार्यक्रम रखा गया है, जिसमें विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। जनसुनवाई में क्षेत्रवासी अपनी समस्याएं और मांगें सीधे मंत्री व अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे।
उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्रवार प्रत्येक माह की 15 तारीख को लाभार्थी सम्मेलन और जनसुनवाई आयोजित की जा रही है। इससे पहले नोखा और खाजूवाला में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। इसी कड़ी में अब श्रीडूंगरगढ़ में यह आयोजन होगा।
गोदारा ने बताया कि प्रदेश में चलाए गए ‘गिव अप अभियान’ के तहत 82 लाख लोगों ने स्वेच्छा से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ छोड़ा, जिसके बाद 83 लाख नए पात्र लोगों को योजना का लाभ दिया गया है।
कृषि मंडी के पास रहेगी पार्किंग व्यवस्था
पंचायत समिति के विकास अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले रिड़ी और बाना क्षेत्र की ओर से आने वाले सभी वाहनों की पार्किंग व्यवस्था कृषि मंडी श्रीडूंगरगढ़ के पास की गई है। उन्होंने लोगों से निर्धारित स्थान पर ही वाहन खड़े करने की अपील की है।




















