NEXT 24 अप्रैल, 2026 श्रीडूंगरगढ़। राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार राष्ट्रीय राजमार्ग-11 पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से लखासर टोल प्लाजा पर शुक्रवार को वाहन चालकों के लिए नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान 56 वाहन चालकों की आंखों की जांच की गई। इनमें जिन चालकों को आवश्यकता पाई गई, उन्हें मौके पर ही नि:शुल्क चश्मे भी वितरित किए गए।

सीएमएचओ के निर्देश पर सीकर-बीकानेर हाइवे लिमिटेड की ओर से एएसजी हॉस्पिटल बीकानेर एवं आई हॉस्पिटल श्रीडूंगरगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में डॉ. सुनील गोयल, दीपमाला शर्मा, मीणा सारण, डॉ. कपिल चौहान, हरेंद्र गोयल व प्रवीण खत्री ने सेवाएं दीं।
टोल प्लाजा प्रबंधन की ओर से मैनेजर सुनील सिंह सहित रितेश कुमार, राजेश (पैरामेडिकल) व उम्मेद सिंह ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान किया। टोल प्रबंधक सुनील सिंह ने बताया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों से वाहन चालकों की दृष्टि संबंधी समस्याओं का समय पर उपचार संभव होता है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।
शिविर के दौरान आरटीओ जितेंद्र सिंह भाटी, आनंद सिंह व मिट्ठू सिंह राठौड़ तथा श्रीडूंगरगढ़ थाना पुलिस जवान भी मौके पर मौजूद रहे।
























