NEXT 1 जुलाई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। लोकप्रिय कवि एवं साहित्यकार सत्यदीप की हाल ही में प्रकाशित राजस्थानी औपन्यासिक कृति ‘चोटी रै गांठ’ का लोकार्पण एवं पुस्तक चर्चा समारोह 12 जुलाई को संस्कृति भवन में आयोजित होगा। मरूभूमि शोध संस्थान के मानद निदेशक प्रो. बी.एल. भादानी ने बताया कि साहित्यकार श्याम महर्षि की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले इस लोक-निजर उच्छब में डॉ. गजादान चारण मुख्य अतिथि होंगे। मालचंद तिवाड़ी, डॉ. मदन सैनी एवं डॉ. चेतन स्वामी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
समारोह के समन्वयक रवि पुरोहित ने बताया कि उपन्यास पर शंकर सिंह राजपुरोहित एवं हरीश बी. शर्मा ‘सखरी टीप’ के तहत आलोचनात्मक पत्रवाचन करेंगे। वहीं श्रीभगवान सैनी, महेश जोशी और सीमा भोजक ‘पाठकीय सरोकार’ सत्र में अपने विचार रखेंगे। आयोजन की रूपरेखा संयोजिका भगवती पारीक ने साझा की।
साहित्यकार रवि पुरोहित ने बताया कि सत्यदीप हिंदी और राजस्थानी दोनों भाषाओं के चर्चित साहित्यकार हैं। वे राजस्थान साहित्य अकादमी, उदयपुर तथा राजस्थानी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अकादमी, बीकानेर की सामान्य सभा के सदस्य रह चुके हैं। उनकी इस नवीन कृति सहित अब तक 15 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं तथा उन्हें साहित्य के क्षेत्र में अनेक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों एवं सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है।



















