NEXT 10 जून, 2026 श्रीडूंगरगढ़। कस्बे के कालूबास क्षेत्र में बंद पड़े एक मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोर कीमती घरेलू सामान व चांदी के सिक्के चोरी कर ले गए। वारदात का पता 8 जून को तब चला जब मकान के ताले टूटे मिले।
पुलिस के अनुसार कालूबास में वार्ड 35 में स्थित लूणकरण पुत्र भूरसिंह भादानी के मकान की देखरेख कर रहे अशोक झाबक ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया कि मकान लंबे समय से बंद था। मकान के एक हिस्से में किराएदार रामकिशोर रहता था, जो पानी-पूरी का काम करता है। वह करीब 20 दिन पहले अपने गांव उत्तर प्रदेश चला गया था और मकान पर ताला लगा हुआ था।
इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मकान के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और घर में रखे 8 चांदी के सिक्के, एक छोटी चांदी की पूजा थाली, पीतल के बर्तन, एक गैस सिलेंडर तथा एक इनवर्टर चोरी कर ले गए।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ संदिग्धों की तलाश की जा रही है।






















