श्रीडूंगरगढ़ में रात 10 बजे तक बैठे रहे मंत्री सुमित गोदारा, सोनोग्राफी मशीन तत्काल ठीक कराने के निर्देश
NEXT 16 जून, 2026 श्रीडूंगरगढ़। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने सोमवार को श्रीडूंगरगढ़ में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सात घंटे तक लगातार जनसुनवाई की। दोपहर 3 बजे से रात 10 बजे तक चली इस जनसुनवाई में 507 प्रकरण प्राप्त हुए। मंत्री ने सभी मामलों पर सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

मंत्री गोदारा ने कहा कि प्रत्येक नागरिक की समस्या का समयबद्ध समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। जनसुनवाई के दौरान पेयजल, बिजली, सड़क, रास्ता खुलवाने, ट्यूबवेल निर्माण, विद्यालयों एवं चिकित्सा संस्थानों में स्टाफ नियुक्ति सहित विभिन्न जनसमस्याओं से जुड़े प्रकरण प्राप्त हुए।
मौके पर मिला खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ
जनसुनवाई के दौरान विभिन्न कारणों से खाद्य सुरक्षा योजना से वंचित हुए पात्र लाभार्थियों की समस्याओं का भी मौके पर समाधान किया गया। तीन परिवारों को पुनः खाद्य सुरक्षा योजना से जोड़ा गया। भोजास निवासी डूंगर सिंह को मौके पर ही खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ पुनः दिलाया गया। तोलियासर के मोहन राम के राशन कार्ड में तकनीकी कारणों से लंबित ई-केवाईसी प्रक्रिया का समाधान कर पात्रता बहाल की गई। वहीं जोधासर के रामूराम नायक के राशन कार्ड में आधार सीडिंग संबंधी त्रुटि को मौके पर ही ठीक कर खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ पुनः प्रारम्भ कराया गया।
सोनोग्राफी मशीन तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश
जनसुनवाई के दौरान मंत्री गोदारा ने उप जिला अस्पताल, श्रीडूंगरगढ़ की सोनोग्राफी मशीन को अविलंब दुरुस्त करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि जिले के किसी भी चिकित्सा संस्थान में कोई भी जांच मशीन बंद नहीं रहे। संबंधित चिकित्सा केंद्र प्रभारी यह सुनिश्चित करें कि कोई जांच मशीन खराब होने पर इसे अविलंब ठीक करवाया जाए अथवा उच्च अधिकारियों को सूचित किया जाए। साथ ही क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
ये रहे मौजूद
जनसुनवाई में विधायक ताराचन्द सारस्वत, पूर्व पालिकाध्यक्ष रामेश्वर पारीक, भाजपा वरिष्ठ नेता शिव स्वामी, पूर्व प्रधान छैलूसिंह शेखावत, भाजपा नेता हेमनाथ सिद्ध, ओबीसी मोर्चा प्रदेश कोषाध्यक्ष विनोद गिरी गुसाईं, पार्षद भरत सुथार, भवानी प्रकाश तावनियाँ सहित अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) उम्मेद सिंह रतनू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बी.एल. मीणा, उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज, एक्सईएन विद्युत विभाग विष्णु मैथी, एक्सईएन जलदाय विभाग नरेश रैगर, एईएन विद्युत विभाग चंद्रेश यादव, जिला रसद अधिकारी नरेश शर्मा, सीओ निकेत पारीक, थानाधिकारी कश्यप सिंह, बीसीएमओ डॉ. राजीव सोनी, एसआई पवन कुमार शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






















