NEXT 1 जुलाई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। आज बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नए मुकाम हासिल कर रही हैं। परंपरागत विषयों तक सीमित रहने के बजाय वे अब विज्ञान, तकनीक और डेटा साइंस जैसे आधुनिक क्षेत्रों में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर वे न केवल अपना भविष्य सशक्त बना रही हैं, बल्कि समाज की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रही हैं।
कस्बे की जैन समाज की प्रतिभाशाली युवती मुस्कान बरड़िया ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धि हासिल करते हुए सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट में डेटा एनालिटिक्स विषय में मास्टर डिग्री प्राप्त की है।
मुस्कान के पिता पवन बरड़िया ने बताया कि मुस्कान ने (बिट्स पिलानी) से मास्टर (सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, स्पेशलाइजेशन–डेटा एनालिटिक्स) की पढ़ाई सफलतापूर्वक पूर्ण की है।
मुस्कान ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने स्वर्गीय दादा लालचंद बरड़िया, दादी रतनी देवी, माता हेमलता बरड़िया तथा अपने गुरुजनों के मार्गदर्शन और प्रेरणा को दिया है। उनकी इस सफलता पर परिजनों, समाजबंधुओं एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। और मुस्कान को फोन पर बधाई प्रेषित कर रहे हैं।



















