NEXT 5 जून, 2026 श्रीडूंगरगढ़। श्रीडूंगरगढ़ के निकटवर्ती गांव कालू के करणी माता मंदिर परिसर में शुक्रवार को सैकड़ों चिड़ियों की रहस्यमय मौत का मामला सामने आया है। मंदिर परिसर स्थित पीपल के पेड़ों के नीचे बड़ी संख्या में मृत चिड़ियों के शव बिखरे पड़े मिले। घटना से ग्रामीणों और पर्यावरण प्रेमियों में चिंता व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार गौ सेवार्थ सुंदरकांड समिति, कालू के सेवादार मंदिर परिसर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि पीपल के पेड़ों के नीचे असंख्य चिड़ियों के शव पड़े हुए हैं। इसके बाद समिति के सदस्यों ने तत्काल वन विभाग के जिला कंट्रोल रूम को सूचना दी। हालांकि अभी तक कोई भी सक्षम अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा था।
ग्रामीणों का कहना है कि एक साथ इतनी बड़ी संख्या में पक्षियों की मौत होना गंभीर विषय है। लोगों ने आशंका जताई कि चिड़ियों की मौत के पीछे कोई बीमारी, विषाक्त पदार्थ या अन्य कारण हो सकते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से मामले की तत्काल जांच कर वास्तविक कारणों का पता लगाने की मांग की है।
संयोग से यह घटना विश्व पर्यावरण दिवस के दिन सामने आई है। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण को लेकर काम करने वाले लोगों ने इसे बेहद चिंताजनक बताया है। ग्रामीणों का कहना है कि पक्षियों की सामूहिक मौत पर्यावरणीय असंतुलन का संकेत भी हो सकती है, इसलिए मामले की गंभीरता से जांच की जानी चाहिए।
जांच की मांग
ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने मृत पक्षियों के नमूने लेकर वैज्ञानिक जांच कराने तथा शीघ्र रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की है, ताकि पक्षियों की मौत के कारणों का खुलासा हो सके।




















