NEXT 20 जुलाई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। वैश्विक स्तर पर रोजगार और उच्च शिक्षा के बढ़ते अवसरों को देखते हुए राजकीय महारानी सुदर्शन कन्या महाविद्यालय में स्पेनिश भाषा पाठ्यक्रम की शुरुआत की गई। आयुक्तालय, महाविद्यालय शिक्षा, राजस्थान सरकार, जयपुर एवं द इंग्लिश एंड फॉरेन लैंग्वेज यूनिवर्सिटी (ईएफएलयू), हैदराबाद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विदेशी भाषा संचार कौशल कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को ऑनलाइन अभिविन्यास कार्यक्रम आयोजित हुआ।

महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. रजनी रमण झा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि विदेशी भाषाओं का ज्ञान आज के प्रतिस्पर्धी और वैश्विक दौर में सफलता की नई राह खोलता है। उन्होंने छात्राओं से नियमित रूप से कक्षाओं में भाग लेने और भाषा कौशल विकसित कर इस अवसर का पूरा लाभ उठाने का आह्वान किया।
समिति प्रभारी एवं सहायक आचार्य डॉ. हिमांशु कांडपाल ने बताया कि स्पेनिश भाषा पाठ्यक्रम में पंजीकृत छात्राओं ने अभिविन्यास कार्यक्रम में उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय आयुक्तालय, महाविद्यालय शिक्षा से संबद्ध प्रो. मनु सिकरवार ने किया। उन्होंने पाठ्यक्रम की रूपरेखा, अध्ययन प्रक्रिया और इससे मिलने वाले शैक्षणिक एवं व्यावसायिक अवसरों की विस्तृत जानकारी दी।
ऑनलाइन कार्यक्रम में ईएफएलयू, हैदराबाद के प्राध्यापक गुलज़ार एवं अंजू रेचल ने स्पेनिश भाषा के वैश्विक महत्त्व, पाठ्यक्रम की संरचना, अध्ययन पद्धति और मूल्यांकन प्रणाली पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने नियमित अध्ययन और निरंतर अभ्यास पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में सहायक आचार्य रवि व्यास ने तकनीकी एवं आईटी सहयोग प्रदान किया। वहीं डॉ. ऋचा मेहता और डॉ. सुनीता मोहता ने समन्वय और छात्राओं के मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार स्पेनिश भाषा की नियमित कक्षाएं मंगलवार से दोपहर 3 से 5 बजे तक आयोजित की जाएंगी। यह पाठ्यक्रम छात्राओं को विदेशी भाषा दक्षता के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करियर के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में सहायक होगा।




















