बाहर लगे वाटर कूलर के नल बंद; 44 डिग्री गर्मी में मरीजों को खरीदना पड़ रहा पानी
NEXT 14 मई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। सूडसर उपतहसील क्षेत्र के दुलचासर गांव स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में भीषण गर्मी के बीच मरीजों को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। अस्पताल परिसर में लगे वाटर कूलर के बाहर वाले नल बंद पड़े हैं, जबकि अंदर स्टाफ के लिए ठंडे पानी की व्यवस्था चालू बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों और मरीजों के अनुसार, अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों व उनके परिजनों को तेज धूप और गर्मी में पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। इन दिनों तापमान 44 डिग्री के पार पहुंच रहा है। ऐसे में स्वास्थ्य केंद्र में पीने के पानी जैसी मूलभूत सुविधा नहीं मिलना लोगों में नाराजगी का कारण बना हुआ है।
मरीजों का कहना है कि अस्पताल में पर्याप्त पानी की व्यवस्था नहीं होने से उन्हें मजबूरी में बाहर से पानी की बोतलें और कैंपर खरीदने पड़ रहे हैं। वहीं, गरीब और दूर-दराज से आने वाले मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वाटर कूलर की सप्लाई अंदर चालू है, जिससे अस्पताल स्टाफ को ठंडा पानी मिल रहा है, लेकिन बाहर के नल बंद होने से मरीजों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा।
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन से जल्द व्यवस्था सुधारने तथा बाहर लगे नलों को शुरू करवाने की मांग की है, ताकि गर्मी के मौसम में मरीजों को राहत मिल सके।



















