अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर झुंझुनूं के स्वर्ण जयंती स्टेडियम में जिला स्तरीय कार्यक्रम, हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
NEXT 21 जून, 2026 श्रीडूंगरगढ़। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को स्वर्ण जयंती स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय योग कार्यक्रम में श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार ने भाग लिया। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आमजन के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया तथा सभी को नशामुक्ति की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुथार ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और गौरवशाली परंपरा है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ बनाती है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास स्वस्थ जीवन का आधार है और नशामुक्त समाज के निर्माण में हर नागरिक की अहम भूमिका है।
उन्होंने युवाओं से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने और नशे से दूर रहकर समाज व राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला प्रभारी सचिव नवीन जैन, विधायक राजेंद्र भांभू, जिला कलेक्टर अरुण कुमार गर्ग, पुलिस अधीक्षक कवेंद्र सिंह सागर, भाजपा जिला अध्यक्ष हर्षिनी कुलहरी, पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी, पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार खीचड़ सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में योग साधक मौजूद रहे।
योग दिवस कार्यक्रम के दौरान स्वस्थ जीवनशैली, सकारात्मक सोच और नशामुक्त समाज का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों ने योग को दैनिक जीवन में अपनाने तथा नशामुक्त राजस्थान के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।























