कृषि योजनाओं की दी जानकारी, महिला स्वयं सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनने का संदेश; बैंक अधिकारियों ने किसानों से किया सीधा संवाद
NEXT 10 जुलाई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। किसानों तक बैंकिंग सुविधाओं और सरकारी कृषि योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत बिग्गा में कृषि आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में किसानों का उत्साह देखते ही बना। विभिन्न कृषि योजनाओं के तहत करीब 60 करोड़ रुपए के संभावित ऋण प्रस्ताव (लीड) प्राप्त हुए, जबकि 21 किसानों और ग्राहकों को करीब 8 करोड़ रुपए के ऋण मौके पर ही स्वीकृत किए गए। इसके अलावा एक डिजिटल स्वयं सहायता समूह ऋण भी मंजूर किया गया।

कार्यक्रम में पीएनबी अंचल कार्यालय जयपुर के सहायक महाप्रबंधक संदीप झाझड़िया और बीकानेर मंडल प्रमुख एवं उप महाप्रबंधक गजेंद्र चौधरी ने किसानों और ग्रामीण ग्राहकों से सीधा संवाद किया। उन्होंने बैंक की कृषि एवं वित्तीय योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों से इनका अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
गजेंद्र चौधरी ने कृषि अवसंरचना कोष (एआईएफ), किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), ई-पशु किसान क्रेडिट कार्ड, डिजिटल ट्रैक्टर ऋण, स्वयं सहायता समूह ऋण सहित विभिन्न कृषि ऋण योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का लाभ लेकर किसान अपनी कृषि गतिविधियों का विस्तार कर आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बन सकते हैं।
कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को नियमित बचत, बैंक ऋण के माध्यम से स्वरोजगार अपनाने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर श्रीडूंगरगढ़ शाखा प्रबंधक मान सिंह, कृष्ण मुरारी, रीडी शाखा प्रबंधक भगवाना राम तथा बिग्गा शाखा प्रबंधक मोहनलाल सैनी सहित बैंक के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण ग्राहक शामिल हुए।






















