NEXT 10 जून, 2026 श्रीडूंगरगढ़। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर बुधवार को राजकीय रूपा देवी उच्च माध्यमिक विद्यालय में एक दिवसीय गैर-आवासीय योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उपनिदेशक आयुर्वेद विभाग बीकानेर एवं जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) बीकानेर के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम ब्लॉक योग नोडल अधिकारी डॉ. जगदीश पचार और मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सरोज पूनिया के निर्देशन में संपन्न हुआ। इसमें क्षेत्र के शारीरिक शिक्षकों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास का प्रशिक्षण दिया गया। आयुर्वेद विभाग के योग प्रशिक्षक चंद्र प्रकाश वाधवानी एवं योग प्रशिक्षिका राधा ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं योग क्रियाओं का अभ्यास करवाया।
डॉ. जगदीश पचार ने ग्राम स्तर तक योग दिवस के सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं सीबीईओ सरोज पूनिया ने शिक्षकों से विद्यालयों में नियमित योगाभ्यास करवाने तथा प्रार्थना सभा को अधिक अनुशासित, प्रभावी और प्रेरणादायक बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान सीबीईओ कार्यालय के सहायक लेखा अधिकारी विक्रम सिंह भी मौजूद रहे। प्रशिक्षण में शामिल शिक्षकों ने योग को जन-जन तक पहुंचाने और योग दिवस को सफल बनाने का संकल्प लिया।























