NEXT 28 जुलाई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के गांव रीड़ी के खेल मैदान में आयोजित 52वीं जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का समापन सोमवार को उत्साह और खेल भावना के माहौल में हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि महेंद्र व्यास रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि दिलकांत माचरा एवं सरपंच प्रतिनिधि हेतराम जाखड़ मौजूद रहे।

बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में रीड़ी ने लूणकरणसर को 48-38 से हराकर 10 अंकों के अंतर से खिताब अपने नाम किया। वहीं बालिका वर्ग के फाइनल में रीड़ी ने लखासर को 44-28 से हराकर जिला चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
आयोजन समिति की ओर से विजेता टीम को ₹5100 तथा उपविजेता टीम को ₹3100 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। सरपंच प्रतिनिधि हेतराम जाखड़ ने दोनों अतिथि टीमों को ₹1100-₹1100 की प्रोत्साहन राशि दी। प्रतियोगिता के प्रायोजक केवलचन्द तावनिया ने फाइनल खेलने वाली टीमों को ट्रॉफी एवं ₹1100 की नकद राशि भेंट की।
व्यक्तिगत पुरस्कारों में बालक वर्ग के बेस्ट रेडर प्रेम जाखड़ तथा बेस्ट डिफेंडर मोहित हुड्डा रहे। बालिका वर्ग में बेस्ट रेडर गुंजन जाखड़ तथा बेस्ट डिफेंडर आईना को सम्मानित किया गया।
रीड़ी कबड्डी टीम के कोच मांगी नाथ जाखड़ ने बताया कि प्रतियोगिता में बालकों की 16 तथा बालिकाओं की 10 टीमों ने भाग लिया। वीर बिग्गाजी मंदिर कमेटी की ओर से खिलाड़ियों के भोजन एवं ठहरने की नि:शुल्क व्यवस्था की गई। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में केवलचन्द तावनियां द्वारा ट्रॉफी एवं मोमेंटो, रामकरण जाखड़ द्वारा टी-शर्ट, गोपाल टेंट हाउस बाना रीड़ी की ओर से टेंट, जसवंत डेकोरेशन की ओर से नि:शुल्क डेकोरेशन, महादेव वाटर सप्लायर की ओर से पेयजल, रामचंद्र जाखड़ की ओर से खेल मैदान तथा राजू जाखड़ की ओर से खिलाड़ियों के लिए चाय एवं नाश्ते की व्यवस्था की गई।
समापन समारोह में गांव के गणमान्य नागरिक चुनीलाल जाखड़, गणपत तरड़, हुखमनाथ, गोपालराम जाखड़, खींयाराम जाखड़, रामकरण साहू, मदनलाल जाखड़, डालाराम जाखड़, हरियाणा मास्टर, कालूनाथ जाखड़, कुननाथ सिद्ध, दुर्गा राम तावनिया, पवन शर्मा, प्यारेलाल बाना, शंकर सिद्ध, हेतराम जाखड़, रामनिवास जाखड़ एवं मनोज जाखड़ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
अंत में बीकानेर ओलंपिक संघ के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़ ने सफल आयोजन के लिए सभी ग्रामवासियों, आयोजन समिति एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।























