एम्बुलेंस सेवा के दो साल पूरे होने पर पहल; अस्पताल, बाजार और जामा मस्जिद के पास रखवाए पानी के कैम्पर
NEXT 13 मई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। श्रीडूंगरगढ़ में पड़ रही भीषण गर्मी और तेज तपिश के बीच आमजन को राहत देने के लिए एपीजे अब्दुल कलाम वेलफेयर ट्रस्ट ने सराहनीय पहल की है। ट्रस्ट द्वारा संचालित एम्बुलेंस सेवा के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार से शहर में जल सेवा शुरू की गई।

दिनभर आसमान से बरसती आग और गर्म हवाओं के थपेड़ों के बीच राहगीरों, मरीजों और बाजार आने-जाने वाले लोगों को ठंडा पानी उपलब्ध कराने के लिए उपजिला अस्पताल, घूमचक्कर, मुख्य बाजार और जामा मस्जिद के पास पानी के कैम्पर रखवाए गए हैं। ट्रस्ट सदस्यों ने बताया कि यह जल सेवा पूरे गर्मी के मौसम में लगातार जारी रहेगी।
पिछले कई दिनों से क्षेत्र में तापमान लगातार बढ़ रहा है। दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आने लगी हैं और लोग गर्मी से बेहाल हैं। ऐसे में ट्रस्ट की ओर से शुरू की गई यह सेवा आमजन के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है। अस्पताल आने वाले मरीजों के परिजन, रिक्शा चालक, मजदूर और बाजार में खरीदारी करने वाले लोगों ने इस पहल की सराहना की।
ट्रस्ट सदस्यों ने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और भीषण गर्मी में प्यासे लोगों तक पानी पहुंचाना सबसे पुण्य का कार्य है। जल सेवा के शुभारंभ के दौरान ट्रस्ट से जुड़े कार्यकर्ता और शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहे।






















