NEXT 13 मई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। कस्बे में पड़ रही तेज गर्मी और गर्म हवाओं के बीच बुधवार को बाजार स्थित टीएम प्लाजा एवं आसपास के दुकानदारों ने सेवा करते हुए राहगीरों के लिए शीतल शर्बत वितरण शिविर लगाया। व्यापारियों द्वारा गुलाब और खस का ठंडा शर्बत बनाकर बाजार से गुजरने वाले लोगों को पिलाया गया। भीषण गर्मी में ठंडा शर्बत पीकर लोगों ने राहत महसूस की और व्यापारियों की इस पहल की सराहना की।

दोपहर के समय बाजार में लोगों की आवाजाही लगातार बनी रही। ऐसे में टीएम प्लाजा के दुकानदारों ने राहगीरों, रिक्शा चालकों, मजदूरों और बाजार में खरीदारी करने पहुंचे लोगों को रुक-रुककर शर्बत पिलाया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने शर्बत का सेवन किया। कई राहगीरों ने कहा कि लगातार बढ़ती गर्मी के बीच इस तरह की सेवा लोगों को राहत देने के साथ सामाजिक सद्भाव का संदेश भी देती है।
व्यापारियों ने बताया कि गर्मी के मौसम में राहगीरों को ठंडा पेय उपलब्ध कराना एक सामाजिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से सभी दुकानदारों ने मिलकर यह सेवा कार्य किया। शर्बत वितरण के दौरान बाजार क्षेत्र में सेवा और सहयोग का माहौल बना रहा। लोगों ने दुकानदारों की इस पहल को सराहनीय बताया।




















