NEXT 4 अगस्त, 2026 श्रीडूंगरगढ़। शहर और आसपास के क्षेत्रों में बार-बार होने वाली बिजली ट्रिपिंग की समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (जेडीवीवीएनएल) ने धोलिया 33/11 केवी जीएसएस पर अतिरिक्त 3.15 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर लगाने की प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर दी है। विधायक ताराचंद सारस्वत ने बताया कि क्षेत्र में बढ़ते विद्युत भार और उपभोक्ताओं की परेशानी को देखते हुए उन्होंने इस प्रस्ताव को लेकर निगम के उच्च अधिकारियों से लगातार संपर्क और पैरवी की थी।

स्वीकृति के बाद धोलिया जीएसएस पर पहले से स्थापित 5 एमवीए ट्रांसफार्मर के साथ 3.15 एमवीए का अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। इससे जीएसएस की कुल क्षमता बढ़ेगी और ओवरलोड के कारण होने वाली ट्रिपिंग में कमी आएगी। साथ ही शहर और आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति पहले की तुलना में अधिक स्थिर और सुचारु हो सकेगी।
विधायक ताराचंद सारस्वत ने कहा कि अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगने से घरेलू उपभोक्ताओं, किसानों, व्यापारियों और लघु उद्योगों को बेहतर विद्युत सुविधा मिलेगी। बढ़ती बिजली मांग को भी आसानी से पूरा किया जा सकेगा, जिससे भविष्य में विद्युत व्यवस्था पर पड़ने वाले अतिरिक्त दबाव का प्रभावी प्रबंधन संभव होगा।
क्षेत्रवासियों ने इस स्वीकृति का स्वागत करते हुए इसे श्रीडूंगरगढ़ की बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।




















