वंदे गंगा-जल संरक्षण जन अभियान के तहत चूरू में कार्यक्रम; किसानों से सूक्ष्म सिंचाई तकनीक अपनाने की अपील
NEXT 2 जून, 2026 श्रीडूंगरगढ़। वंदे गंगा-जल संरक्षण जन अभियान के तहत चूरू में आयोजित कार्यक्रम में श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार शामिल हुए। उन्होंने किसानों एवं आमजन से जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि जल बचाना वर्तमान और भविष्य दोनों की आवश्यकता है। किसानों को सूक्ष्म सिंचाई तकनीकों को अपनाने तथा बूंद-बूंद पानी का सदुपयोग कर अधिक उत्पादन लेने के लिए प्रेरित किया।

सुथार ने कहा कि जल संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से जल बचाने और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चूरू विधायक हरलाल सारण ने कहा कि राजस्थान जैसे जल संकट वाले प्रदेश में जल संरक्षण का महत्व और अधिक बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का वंदे गंगा-जल संरक्षण जन अभियान जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है। आमजन को जल स्रोतों के संरक्षण, वर्षा जल संचयन और पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम में अभियान के संयोजक अभिषेक चोटिया, भास्कर शर्मा, महेंद्र न्योल, सुरेशजी, प्रशासनिक अधिकारियों सहित भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और जल के समुचित उपयोग को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा लोगों को अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।






















