NEXT 28 अप्रैल, 2026 श्रीडूंगरगढ़। मंगलवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोनियासर शिवदानसिंह के अंतर्गत उपस्वास्थ्य केंद्र सोनियासर गोदारान में अप्रैल माह की सेक्टर बैठक आयोजित की गई। बैठक में खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव सोनी ने सभी विभागीय गतिविधियों की समीक्षा की।

समीक्षा के दौरान कम प्रगति पाए जाने पर उपस्वास्थ्य केंद्र बरजांगसर में कार्यरत महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया। डॉ. सोनी ने कार्य में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए सुधार के निर्देश दिए।
बैठक के बाद उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊपनी का निरीक्षण किया और वहां चल रहे HPV टीकाकरण सत्र का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि 24 अप्रैल से चल रहे सात दिवसीय अभियान के दौरान क्षेत्र में शत-प्रतिशत लाभार्थियों का टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए।
डॉ. सोनी ने आगामी मौसम को देखते हुए डेंगू, मलेरिया सहित अन्य बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही हीट वेव के खतरे को देखते हुए लू/तापघात से बचाव के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।





















