यात्रियों को मिलेगा सुरक्षित माहौल, संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी 24 घंटे नजर
NEXT 2 जून, 2026 श्रीडूंगरगढ़। उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल अंतर्गत आने वाले सूडसर रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए पूरे स्टेशन परिसर को 13 सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में लाया गया है। भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण और यात्री सुरक्षा अभियान के तहत यह व्यवस्था लागू की गई है।
रेलवे प्रशासन द्वारा लगाए गए कैमरे स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वार, मुख्य प्लेटफॉर्म, टिकट बुकिंग विंडो, वेटिंग एरिया सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों को कवर कर रहे हैं। इससे स्टेशन परिसर में होने वाली प्रत्येक गतिविधि पर चौबीसों घंटे नजर रखी जा सकेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार सीसीटीवी निगरानी से चोरी, जेबकतरों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगेगा। साथ ही बिना कारण स्टेशन परिसर में घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर समय रहते कार्रवाई की जा सकेगी।
महिला और बाल यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भी यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अकेले यात्रा करने वाली महिलाओं तथा बच्चों के लिए स्टेशन का वातावरण पहले की अपेक्षा अधिक सुरक्षित बनेगा।
कैमरों की लाइव फीड रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और स्टेशन प्रशासन के मॉनिटरिंग सिस्टम से जुड़ी हुई है। किसी भी आपात स्थिति या अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जा सकेगी।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि नई सुरक्षा व्यवस्था से सूडसर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से यात्रा करने वाले यात्रियों को सुरक्षित एवं भयमुक्त माहौल मिलेगा तथा स्टेशन की सुरक्षा प्रणाली और अधिक मजबूत होगी।



















