GENZ Conclave में 500 किशोरों ने लिया भाग, श्रीडूंगरगढ़ के प्रतिनिधियों ने किया क्षेत्र का प्रतिनिधित्व
NEXT 2 जून, 2026 श्रीडूंगरगढ़। तेरापंथ किशोर मंडल के 21वें राष्ट्रीय अधिवेशन ‘GENZ Conclave’ में श्रीडूंगरगढ़ तेरापंथ किशोर मंडल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सेवा क्षेत्र में अखिल भारतीय स्तर पर द्वितीय पुरस्कार हासिल किया। इस उपलब्धि से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।

लाडनूं में आयोजित तीन दिवसीय अधिवेशन में देशभर से करीब 500 किशोरों ने भाग लिया। श्रीडूंगरगढ़ से संयोजक मुदित पुगलिया के नेतृत्त्व में पीयूष पुगलिया, हर्षित गोलछा, वीरेंद्र गिया, ऋषभ झाबक एवं अजय बोथरा ने सहभागिता कर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया।
अधिवेशन के पहले दिन किशोरों ने मुनि आत्मानंद के बैंकुठी यात्रा कार्यक्रम में भाग लिया तथा आचार्य महाश्रमण के दर्शन किए। युवालोक में आयोजित मुख्य सत्र में अधिवेशन का थीम सॉन्ग प्रस्तुत किया गया। इस दौरान हर्ष दुगड़ एवं मोहित सैन ने कंटेंट क्रिएशन, डिजिटल प्लेटफॉर्म और ‘माय यूथ इंडिया’ विषय पर जानकारी दी। वहीं ‘माइंड रश’ सहित विभिन्न बौद्धिक और मनोरंजक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। रात्रि में आयोजित ‘भिक्षु अंतरंग’ कार्यक्रम में दर्शन चोपड़ा की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही।
अधिवेशन के अंतिम दिन पूज्य गुरुदेव ने किशोरों को विशेष मार्गदर्शन प्रदान किया। साथ ही ‘भिक्षु दरबार’ की प्रस्तुति, टीकेएम ब्लू ब्रिगेड की गीतिका और विभिन्न सम्मान समारोह आयोजित किए गए।
समापन समारोह में देशभर के 25 से 75 सदस्यीय किशोर मंडलों के कार्यों का मूल्यांकन किया गया। इसमें तेरापंथ किशोर मंडल श्रीडूंगरगढ़ को सेवा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए अखिल भारतीय स्तर पर द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
मंडल पदाधिकारियों ने इस सफलता का श्रेय साध्वी लक्ष्यप्रभा की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन को दिया। साथ ही तेरापंथ युवक परिषद श्रीडूंगरगढ़ के अध्यक्ष विक्रम मालू, मंत्री पीयूष बोथरा, प्रभारी मोहित बोरड़ एवं परिषद की पूरी टीम के सहयोग और प्रोत्साहन को भी इस उपलब्धि का आधार बताया।





















