श्रीडूंगरगढ़ में मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
NEXT 12 मई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। श्री छः न्याति ब्राह्मण महासंघ और विप्र समाज के प्रतिनिधियों ने मंगलवार को उपखंड अधिकारी, श्रीडूंगरगढ़ शुभम शर्मा के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर ग्राम मलसीसर, तहसील भादरा में नाबालिग छात्र रजत शर्मा के साथ हुई मारपीट की घटना पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि 8 मई 2026 को रजत शर्मा बस में सफर कर रहा था। इस दौरान टिकट को लेकर 1 रुपए का विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद बस चालक और परिचालक ने छात्र के साथ बस में मारपीट की। बाद में बस मलसीसर पहुंचने पर परिचालक ने अपने साथियों को बुला लिया और बस स्टैंड पर छात्र के साथ फिर मारपीट की गई। घटना में छात्र को गंभीर चोटें आई हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश है।
समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि घटना के आरोपी अब भी खुलेआम घूम रहे हैं, जबकि पीड़ित छात्र के खिलाफ ही झूठा मुकदमा दर्ज करवाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा करती हैं।
ज्ञापन में मुख्यमंत्री से मांग की गई कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
ज्ञापन सौंपने वालों में छ: न्याति ब्राह्मण महासंघ तहसील अध्यक्ष आईदान पारीक धनेरू, विप्र फाउंडेशन के तहसील अध्यक्ष एडवोकेट प्रवीण पालीवाल, छ: न्याति ब्राह्मण महासंघ तहसील उपाध्यक्ष गजानंद दाधीच, तहसील मंत्री एडवोकेट बाबूलाल सारस्वत सेरूणा, आनंद जोशी, एडवोकेट सुखदेव व्यास बिग्गा, पवन सारस्वत उदरासर, कानाराम तावनियां सहित विप्र समाज के कई लोग मौजूद रहे।



















