NEXT 30 अप्रैल, 2026 श्रीडूंगरगढ़। प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग की राज्य स्तरीय टीम ने गुरुवार को श्रीडूंगरगढ़ उपखण्ड के विभिन्न सरकारी कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में बड़ी संख्या में कार्मिक अनुपस्थित मिले, वहीं कई कार्यालयों के कक्षों पर ताले लटके पाए गए।
अतिरिक्त मुख्य सचिव के निर्देश पर शासन उप सचिव एवं अतिरिक्त निदेशक (निरीक्षण) सुनील कुमार शर्मा के नेतृत्व में टीम ने सुबह 9:50 बजे निरीक्षण शुरू किया। टीम में सहायक शासन सचिव राम स्वरूप विश्नोई, अनुभाग अधिकारी महेंद्र कुमार सरावता, सहायक अनुभाग अधिकारी चेना राम भदाला सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
22% कार्मिक अनुपस्थित मिले
निरीक्षण के दौरान कुल अराजपत्रित 168 कार्मिकों में से 37 अनुपस्थित पाए गए, जो करीब 22.02% है। वहीं 23 राजपत्रित कार्मिकों में से 3 अनुपस्थित मिले, जो 13.04% रहा। कुल 22 रजिस्टरों की जांच की गई।
इन कार्यालयों पर लगे मिले ताले
निरीक्षण में कुछ महत्वपूर्ण विभागों के कक्ष बंद पाए गए-
- ब्लॉक परियोजना प्रबंधक, राजीविका (ग्रामीण विकास विभाग) का कक्ष बंद मिला
- अधिशाषी अभियंता, पीआईएआईडब्ल्यूएमपी, पंचायत समिति श्रीडूंगरगढ़ का कक्ष बंद पाया गया
- जोधपुर डिस्कॉम के अधिकांश कक्षों पर ताले लटके मिले
टीम ने अनुपस्थित कार्मिकों और बंद कार्यालयों को लेकर रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।




















