NEXT 6 मई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। तेरापंथ समाज की सर्वोच्च संस्था श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा में चुनावी बिगुल बज चुका है। सभा मंत्री प्रदीप पुगलिया की ओर से जारी सूचना के अनुसार, 31 मई को नए सत्र 2026-28 के लिए चुनाव करवाए जाएंगे। इससे पहले उसी दिन सुबह 7 बजे तेरापंथ भवन, धोलिया नोहरा में साधारण सभा की बैठक होगी, जिसमें सभी सभा सदस्य भाग ले सकेंगे।
सभा मंत्री की ओर से जारी सूचना के अनुसार, कोई भी सदस्य बैठक से 48 घंटे पहले तक अपने प्रस्ताव या जिज्ञासाएं लिखित में दे सकता है। साधारण सभा समाप्त होते ही चुनाव प्रक्रिया शुरू होगी। सूत्रों के अनुसार, इसके लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी के रूप में निर्मल कुमार डागा और सहायक निर्वाचन अधिकारी कांति कुमार पुगलिया को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पहली बार महिला अध्यक्ष के बाद अब कड़ा मुकाबला
पिछले सत्र 2024-26 में सुशीला पुगलिया का इतिहास रचते हुए पहली बार महिला अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध निर्वाचन हुआ था। अपने कार्यकाल में उन्होंने कई नवाचार करते हुए संस्था को मजबूती दी।
लेकिन इस बार तस्वीर बदली हुई नजर आ रही है। आचार्य महाश्रमण के लाडनूं प्रवास के चलते समाज में सक्रियता बढ़ी है और चुनाव को लेकर उत्साह भी चरम पर है।
पुगलिया के सामने पारख की चुनौती!
सूत्रों के मुताबिक, इस बार सुशीला पुगलिया के सामने सुमति पारख मजबूत दावेदार के रूप में उभर रहे हैं। पारख का परिवार लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है, जिससे उन्हें समाज के एक बड़े वर्ग का समर्थन मिल सकता है।
800 से अधिक नए सदस्य, मतदान में बढ़ेगा रोमांच
गौर करने वाली बात यह भी है कि इस बार करीब 800 से अधिक नए आजीवन सदस्य सभा से जुड़े हैं। जबकि पिछली बार सदस्य संख्या केवल 670वके करीब थी। ऐसे में चुनावी गणित पूरी तरह बदलता नजर आ रहा है। कस्बे में निवास करने वाले सदस्यों के साथ-साथ बड़ी संख्या में प्रवासी सदस्य भी मतदान के लिए श्रीडूंगरगढ़ पहुंचेंगे, जिससे मतदान प्रतिशत और चुनावी उत्साह दोनों बढ़ने की संभावना है।
सर्वसम्मति या सीधा चुनाव?
दोनों ही पक्ष मजबूत माने जा रहे हैं और चुनावी बिसात पूरी तरह बिछ चुकी है। अब नजर समाज के वरिष्ठजनों पर टिकी है कि वे सर्वसम्मति का रास्ता निकालते हैं या सीधा चुनावी मुकाबला होता है।
अगर आपसी सहमति बनती है तो एक पक्ष दूसरे के समर्थन में आ सकता है, लेकिन अगर ऐसा नहीं हुआ तो 31 मई को तेरापंथ सभा में एक दिलचस्प और कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है।




















