NEXT 5 जून, 2026 श्रीडूंगरगढ़। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सूडसर स्थित वीर तेजा गौशाला में शुक्रवार को पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गौशाला समिति के पदाधिकारियों, ग्रामीणों और युवा गोभक्तों ने मिलकर विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं औषधीय पौधे लगाए। साथ ही पौधों को सुरक्षित रखने और नियमित देखभाल करने का संकल्प भी लिया।

गौशाला परिसर में नीम, पीपल, बरगद, शीशम और अर्जुन सहित कई पौधे रोपे गए। इस दौरान ग्रामीणों ने पौधों के चारों ओर ट्री-गार्ड लगाने तथा उन्हें वृक्ष बनने तक नियमित पानी देकर संरक्षित करने का निर्णय लिया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते तापमान और पर्यावरण असंतुलन की चुनौती से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण जरूरी है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे जीवन का आधार हैं और गोसेवा के साथ प्रकृति की सेवा करना भी समाज का दायित्व है।
वक्ताओं ने बताया कि गौशाला परिसर में पेड़ विकसित होने के बाद यहां रहने वाले गोवंश को गर्मी और तेज धूप से राहत मिलेगी तथा उन्हें प्राकृतिक छाया उपलब्ध होगी। ग्रामीणों से जन्मदिन, वर्षगांठ और अन्य विशेष अवसरों पर कम से कम एक पौधा लगाने की अपील भी की गई।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को प्लास्टिक मुक्त पर्यावरण और जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर श्रीडूंगरगढ़ के पूर्व विधायक गिरधारी लाल महिया, सीताराम भादू, छोटू मोदी सहित गौशाला प्रबंधन समिति के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।





















