20 से ज्यादा शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं; ग्रामीण बोले- अब आंदोलन करेंगे
NEXT 7 मई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। क्षेत्र के ग्राम राजेडू में वर्ष 2023 में स्वीकृत और वर्ष 2024 में निर्मित ट्यूबवेल आज तक शुरू नहीं हो पाया है। वजह है विद्युत कनेक्शन नहीं मिलना। भीषण गर्मी के बीच गांव में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में भारी रोष है।

ग्रामीणों के अनुसार 15 जनवरी 2026 को ग्राम पंचायत की ओर से ट्यूबवेल के विद्युत कनेक्शन के लिए फाइल विद्युत विभाग को भेजी गई थी, लेकिन उसे निरस्त कर दिया गया। बाद में विभाग ने जानकारी दी कि मार्च माह में PHED विभाग की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ था, जिसके आधार पर PHED के नाम डिमांड जारी की गई। हालांकि डिमांड राशि जमा नहीं होने के कारण अब तक कनेक्शन जारी नहीं हो सका।
ग्रामीणों का कहना है कि इस मामले को लेकर राजस्थान संपर्क पोर्टल पर 20 से अधिक शिकायतें दर्ज करवाई जा चुकी हैं, लेकिन संबंधित विभागों ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। गांव में पानी की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है और लोगों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो समस्त मोहल्लावासी आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने जिला प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप कर ट्यूबवेल का विद्युत कनेक्शन जारी करवाने की मांग की है।



















