NEXT 29 अप्रैल, 2026 श्रीडूंगरगढ़। क्षेत्र के गांव सातलेरा में पिछले 16 घंटे से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। भीषण गर्मी के बीच बिजली नहीं होने से ग्रामीणों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। घरों में पंखे-कूलर बंद पड़े हैं, वहीं पानी की आपूर्ति और रोजमर्रा के कामकाज भी प्रभावित हो रहे हैं।

मंगलवार देर रात आए तेज अंधड़ ने इलाके में भारी नुकसान पहुंचाया। आंधी के कारण कई पेड़-पौधे टूटकर गिर गए, खेतों में बाड़ और कचरे के ढेर बिखर गए। इस अंधड़ का सबसे ज्यादा असर सातलेरा जीएसएस की विद्युत व्यवस्था पर पड़ा।
जानकारी के अनुसार, राजू होटल के पास 33 केवी उच्च क्षमता की बिजली लाइन के पोल गिरकर धराशाई हो गए, जिससे पूरे जीएसएस की बिजली सप्लाई बंद हो गई। इसके चलते सातलेरा गांव के साथ-साथ इससे जुड़े अन्य गांव, औद्योगिक क्षेत्र और कृषि कुओं की बिजली भी ठप पड़ी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इतने लंबे समय से बिजली बंद होने के बावजूद विद्युत विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। गर्मी में बेहाल लोग विभाग की इस उदासीनता से खासे नाराज हैं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे विरोध करने को मजबूर होंगे। लोगों ने मांग की है कि टूटे हुए पोलों को तुरंत दुरुस्त कर बिजली सप्लाई चालू की जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।





















