NEXT 2 मई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। क्षेत्र के रीडी गांव में शुक्रवार को एक महिला के घर में घुसकर मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिलाओं के एक समूह ने घर में घुसकर महिला व उसकी बेटी पर हमला किया, जिसमें बेटी के सिर पर हथौड़े से वार किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रीडी निवासी बसन्ती पत्नी मेघनाथ सिद्ध ने पुलिस थाना श्रीडूंगरगढ़ में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया कि शुक्रवार को अचानक रुपा पत्नी जगदीशनाथ सिद्ध अपने साथ अपनी पुत्रियों सुमन, पूजा, प्रिया, राधा और कंचन के साथ उसके घर पहुंची और आते ही मारपीट शुरू कर दी।
बेटी के सिर पर किया हथौड़े से वार
पीड़िता के अनुसार, रुपा ने उसकी पुत्री सुलोचना के सिर पर हथौड़े से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। अन्य महिलाओं ने भी बसन्ती के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया।
शोर मचाने पर भागे आरोपी
घटना के दौरान पीड़ित परिवार द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्रित हो गए, जिससे आरोपी मौके से फरार हो गए। जाते समय आरोपियों ने बसन्ती के पुत्र भरत के साथ भी मारपीट की।
सोने का झुमका झपटकर ले गई आरोपी
रिपोर्ट में यह भी आरोप है कि रुपा देवी ने बसन्ती के कान से सोने का झुमका झपट्टा मारकर तोड़ लिया और अपने साथ ले गई।
पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई राजकुमार को सौंपी गई है।




















