NEXT 4 जून, 2026 श्रीडूंगरगढ़। राजस्थान अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास सहकारी निगम लिमिटेड ने अल्पसंख्यक समुदाय (मुस्लिम, जैन, सिख, ईसाई, पारसी एवं बौद्ध) के जरूरतमंद व्यक्तियों से वर्ष 2026-27 के लिए ऋण योजनाओं के तहत आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक आवेदक 5 जून से 15 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी राजेश कुमार कालवा ने बताया कि निगम द्वारा स्वरोजगार और व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए कारोबारी ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। इसके तहत जनरल स्टोर, टेंट हाउस, भोजनालय, टेलरिंग, मोटर वाइंडिंग सहित विभिन्न छोटे व्यवसायों के लिए ऋण दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक ऋण की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके अंतर्गत एमबीबीएस, बीएससी नर्सिंग सहित विभिन्न व्यावसायिक एवं तकनीकी पाठ्यक्रमों के लिए ऋण दिया जाएगा।
आवेदन मिलन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन किए जा सकेंगे। ऋण योजनाओं, पात्रता और आवश्यक दस्तावेजों की विस्तृत जानकारी विभाग की वेबसाइट से प्राप्त की जा सकती है। इसके अलावा चौपड़ा कटला, रानी बाजार स्थित जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कार्यालय अथवा दूरभाष नंबर 0151-2201008 पर संपर्क कर जानकारी ली जा सकती है।
एक नजर में
- आवेदन अवधि : 5 जून से 15 जून 2026
- लाभार्थी : मुस्लिम, जैन, सिख, ईसाई, पारसी एवं बौद्ध समुदाय
- कारोबारी ऋण : जनरल स्टोर, टेंट हाउस, भोजनालय, टेलरिंग आदि के लिए
- शैक्षणिक ऋण : एमबीबीएस, बीएससी नर्सिंग सहित अन्य पाठ्यक्रमों के लिए
- आवेदन प्रक्रिया : ऑनलाइन
- जानकारी के लिए संपर्क : 0151-2201008



















