ग्रामीण सेवा शिविर में राजस्व अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ समझौता, कोर्ट-कचहरी के चक्कर और खर्च से मिलेगी राहत
NEXT 27 जून, 2026 श्रीडूंगरगढ़। मुख्यमंत्री की पहल पर आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के तहत शनिवार को श्रीडूंगरगढ़ उपखंड की ग्राम पंचायत लिखमीसर उत्तरादा में वर्षों पुराना भूमि विवाद आपसी सहमति से सुलझा दिया गया। एसडीएम शुभम शर्मा सहित राजस्व अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों पक्षों ने जमीन के बंटवारे पर सहमति जताई और मौके पर ही आवश्यक दस्तावेज सौंप दिए गए।

एसडीएम शुभम शर्मा द्वारा लिखमीसर उत्तरादा निवासी कानाराम पुत्र उदाराम और रामचंद्र पुत्र नारायणराम के बीच लंबे समय से चल रहे भूमि विवाद का समाधान शिविर में कराया गया। समझौते के बाद दोनों पक्षों के हिस्से का स्पष्ट निर्धारण हो गया, जिससे भविष्य में किसी प्रकार के विवाद की आशंका भी समाप्त हो गई।
राजस्व अधिकारियों ने बताया कि सहमति से हुए इस बंटवारे के बाद राजस्व रिकॉर्ड में आवश्यक प्रविष्टियां भी दर्ज की जाएंगी। इससे दोनों पक्षों को न्यायालयीन प्रक्रिया, समय और अनावश्यक खर्च से राहत मिलेगी।
शिविर में मौजूद ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से वर्षों से लंबित मामलों का त्वरित और प्रभावी समाधान हो रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री, जिला प्रशासन और राजस्व विभाग का आभार जताते हुए कहा कि इस पहल से गांवों में सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारा भी मजबूत हो रहा है।



















