NEXT 25 अगस्त, 2026 श्रीडूंगरगढ़। नगर पालिका चुनाव की सरगर्मियों के बीच मंगलवार को श्रीडूंगरगढ़ कांग्रेस कार्यालय में पार्टी की रणनीतिक बैठक हुई। जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग की अध्यक्षता में हुई बैठक में चुनावी तैयारियों को लेकर मंथन किया गया। बैठक में जिले के पदाधिकारी, प्रभारी, समन्वयक, पार्षद पद के लिए टिकट प्राप्त उम्मीदवारों सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता व समर्थक शामिल हुए।

पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा ने बताया कि बैठक में वार्डवार चुनावी तैयारियों, संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल को लेकर चर्चा हुई। टिकट प्राप्त उम्मीदवारों के साथ चुनावी रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। कार्यकर्ताओं में दिखे जोश और उत्साह से बैठक का माहौल पूरी तरह चुनावी नजर आया।
कार्यकर्ताओं का दावा- बदलाव के साथ कांग्रेस का बोर्ड
बैठक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि श्रीडूंगरगढ़ में इस बार बदलाव की लहर है और कांग्रेस मजबूत स्थिति में है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जिस तरह पार्टी के कार्यकर्ताओं में उत्साह और एकजुटता नजर आ रही है, उससे इस बार कांग्रेस अच्छे बहुमत के साथ नगरपालिका में अपना बोर्ड बनाने की ओर बढ़ रही है।
जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने कार्यकर्ताओं और उम्मीदवारों से आपसी समन्वय के साथ चुनाव मैदान में सक्रिय रहने पर जोर दिया। बैठक में संगठन की मजबूती के साथ-साथ सभी वार्डों में पार्टी की स्थिति मजबूत करने और मतदाताओं तक कांग्रेस की नीतियां पहुंचाने को लेकर भी चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर चुनाव में पूरी ताकत झोंकने का संकल्प लिया।























