विकास मंच ने जलदाय विभाग को दिया नोटिस, कालूबास में फ्लोराइड व अधिक टीडीएस वाले पानी की जांच की मांग
NEXT 1 अक्टूबर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। शहर में बिगड़ी पेयजल व्यवस्था को लेकर श्रीडूंगरगढ़ विकास मंच ने जलदाय विभाग के सहायक अभियंता को पत्र देकर व्यवस्था सुधारने की मांग की है। विकास मंच के संयोजक शूरवीर मोदी व जतनसिंह राजपुरोहित के साथ कैलाश प्रजापत, घनश्याम सुथार, भंवरलाल, जितेंद्र स्वामी, देवीलाल, हनुमान नाई, तजु देवी, रमेश पुरोहित ने प्रत्येक वार्ड में संबंधित पार्षद की निगरानी में नियमानुसार कमेटी गठित करने, पानी की सप्लाई का समय निर्धारित करने और लीकेज दुरुस्त करवाने की मांग की है।

मंच ने पत्र में कहा कि शहर में वर्तमान में पेयजल आपूर्ति का कोई निर्धारित समय नहीं है। इसके कारण बड़ी मात्रा में पानी व्यर्थ बह रहा है। शहर में जगह-जगह सैकड़ों लीकेज होने का दावा करते हुए मंच ने कहा कि लीकेज के कारण कई स्थानों पर दूषित पेयजल की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। इससे उल्टी-दस्त सहित अन्य बीमारियों का खतरा बना हुआ है।
टंकियों की सफाई और सप्लाई बुक का रिकॉर्ड रखने की मांग
विकास मंच ने प्रत्येक वार्ड में पार्षद की निगरानी में कमेटी बनाकर पानी की टंकियों और जल होदियों की समय पर सफाई करवाने तथा पेयजल सप्लाई के समय का रिकॉर्ड रखने के लिए सप्लाई समय बुक का संधारण करवाने की मांग की। मंच का कहना है कि शहर में ऐसी कमेटियां गठित नहीं हैं, जबकि नियमानुसार इनकी व्यवस्था होनी चाहिए।
कालूबास के नैचर पार्क ट्यूबवेल की जांच की मांग
मंच ने वार्ड 40 कालूबास में पेयजल की गुणवत्ता का मुद्दा भी उठाया है। पत्र में क्षेत्र में अत्यधिक फ्लोराइड और निर्धारित मानकों से अधिक टीडीएस वाला पानी सप्लाई किए जाने का दावा किया गया है। मंच ने जलदाय विभाग से नैचर पार्क स्थित ट्यूबवेल की जांच करवाकर आमजन को मीठा व गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध करवाने की मांग की है। मंच ने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण ली जाएगी।



















