NEXT 15 अगस्त, 2026 मुम्बई। सेवा और मानवता के संदेश के साथ तेरापंथ युवक परिषद दक्षिण मुंबई की ओर से नेत्रदान पखवाड़े एवं मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव (एमबीडीडी) अभियान के बैनर का अनावरण किया गया। अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के निर्देशन में हुए कार्यक्रम में महाराष्ट्र से राज्यसभा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवरा विशेष रूप से मौजूद रहे।

कार्यक्रम में परिषद अध्यक्ष सुमित सुराणा, मंत्री श्रेयांस मुनोत, कोषाध्यक्ष रौनक धाकड़ एवं सहमंत्री दीपेश बोराणा उपस्थित रहे। इस दौरान नेत्रदान और रक्तदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने तथा अधिक से अधिक युवाओं को सेवा कार्यों से जोड़ने का संकल्प लिया गया।
परिषद पदाधिकारियों ने कहा कि नेत्रदान किसी व्यक्ति के जीवन में दृष्टि की नई रोशनी ला सकता है, जबकि रक्तदान जरूरतमंद की जिंदगी बचाने का माध्यम बनता है। एमबीडीडी के जरिए परिषद रक्तदान को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों ने सेवा अभियानों को व्यापक स्तर तक पहुंचाने और समाज के अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान व नेत्रदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। परिषद ने आह्वान किया कि सक्षम व्यक्ति इन दोनों मानवतापूर्ण सेवाओं से जुड़कर समाज में सेवा की भावना को मजबूत करें।

































