23 अक्टूबर तक जमा होंगे नामांकन, दशहरे के अवकाश के चलते मंगलवार को नहीं लिए जाएंगे फॉर्म
NEXT 19 अक्टूबर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तीसरे चरण के लिए सोमवार को लोक सूचना जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। श्रीडूंगरगढ़ और रीड़ी पंचायत समिति में पहले दिन कुल तीन नामांकन पत्र प्रस्तुत किए गए। इनमें श्रीडूंगरगढ़ में दो और रीड़ी में एक नामांकन पत्र शामिल है।
तीसरे चरण में श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति के 19 और रीड़ी पंचायत समिति के 17 सदस्यों के लिए चुनाव होगा। नामांकन पत्र 23 अक्टूबर तक प्रतिदिन सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक जमा किए जा सकेंगे। मंगलवार को दशहरे का राजपत्रित अवकाश होने के कारण नामांकन नहीं लिए जाएंगे।
24 को जांच, 26 अक्टूबर को नाम वापसी
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन पत्रों की संवीक्षा 24 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से होगी। अभ्यर्थी 26 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस ले सकेंगे। इसके तुरंत बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे और चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची प्रकाशित होगी।
यहां जमा होंगे नामांकन
श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति के सदस्यों के नामांकन उपखंड अधिकारी कार्यालय में जमा किए जा रहे हैं। वहीं, रीड़ी पंचायत समिति के सदस्यों के लिए रीड़ी ग्राम पंचायत भवन में नामांकन की व्यवस्था की गई है।
लूणकरणसर में पहले दिन एक नामांकन
लूणकरणसर पंचायत समिति के तीसरे चरण के चुनाव के लिए सोमवार को पहले दिन एक नामांकन पत्र प्रस्तुत किया गया। यहां पंचायत समिति के 27 सदस्यों के लिए निर्वाचन होना है।





























